भितरवार में गोहिंदा के पास शनिवार रात रेत से भरे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में एक ही परिवार के छह लोग घायल हो गए। परिवार पारिवारिक कार्यक्रम से लौटकर केरुआ से करहिया जा रहा था।

टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को भितरवार स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद दो गंभीर घायलों को ग्वालियर रेफर किया गया है।

तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, परिवार के लोग ई-रिक्शा से लौट रहे थे। इसी दौरान गोहिंदा के पास रेत से भरे ट्रैक्टर ने उनके वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस व प्रशासन को सूचना दी। एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

दो घायलों की हालत गंभीर, ग्वालियर रेफर

हादसे में किरण और अरविंद सेन गंभीर रूप से घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर किया गया। वहीं, परिवार के अन्य सदस्य कल्लो बाई, अनिल और कृष्णा सेन का भितरवार स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम घायलों की निगरानी कर रही है।

ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मामला दर्ज

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

भितरवार एसडीओपी गगन हनुमत ने बताया कि रेत से भरे ट्रैक्टर ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी थी। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। सभी को प्राथमिक उपचार दिया गया है और मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है।