महाराष्ट्र के बीड में तुलजापुर जा रहे श्रद्धालुओं को ले जा रही एक कार की राज्य परिवहन की बस से टक्कर हो गई। जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हो गया।

दुर्घटनास्थल पर पुलिस पहुंची। स्थानीय लोगों ने सड़क निर्माण के लिए जिम्मेदार ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। घटना की खबर मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई और राहत व बचाव का काम शुरू किया।


हर रोज सड़क हादसों में 485 लोगों की मौत

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, साल 2024 में भारत में सड़क हादसों से 1.77 लाख से ज्यादा लोगों की मौत हुई।

इसका मतलब है कि देश में रोज करीब 485 और हर घंटे लगभग 20 लोग जान गंवा रहे हैं। इन मौतों की सबसे बड़ी वजह तेज रफ्तार और हेलमेट या सीटबेल्ट न लगाना है।

महाराष्ट्र में सड़क हादसे की पिछली घटनाएं…

17 अक्टूबर: नांदेड़ जिले के माहुर तहसील स्थित केरोली घाट पर सामने से आ रहे वाहन की तेज रोशनी के कारण श्रद्धालुओं से भरा एक पिकअप/टेंपो 100 फीट गहरी खाई में गिर गया, जिसमें 3 लोगों की जान चली गई और 3 गंभीर रूप से घायल हो गए।

16 सितंबर: ठाणे जिले में मुंबई-नाशिक राष्ट्रीय राजमार्ग पर शहापुर के अटगांव के पास श्रद्धालुओं की अर्टिगा कार के अनियंत्रित होने से हुए भीषण हादसे में 2 बच्चों सहित 4 लोगों की मौत हो गई और 7 अन्य घायल हुए।

18 मई: पालघर जिले के धानीवरी क्षेत्र में एक टेंपो और भारी ट्रक के बीच भीषण टक्कर में 13 यात्रियों की मौत हो गई और करीब 20 लोग घायल हुए।


गुजरात के भावनगर-सोमनाथ नेशनल हाईवे पर मंगलवार को भीषण सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत हो गई। हादसा शिव शक्ति होटल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार बोलेरो एसयूवी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर के पीछे जा टकराई।