अमेरिका में क़रीब चार घंटे तक विमान सेवाएं ठप रहने के बाद उड़ानों पर लगी रोक हटा ली गई है. व्हाइट हाउस में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि लाखों अमेरिकियों को प्रभावित करने वाली उड़ानों पर लगी रोक हटा दी गई है.

हालांकि, परिवहन मंत्री सीन डफी ने पत्रकारों को बताया कि उड़ानों पर रोक के कारण अन्य उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है और आने वाले कई दिनों तक समस्याएं जारी रह सकती हैं.

डफी ने पत्रकारों को बताया कि सिस्टम को दोबारा पूरी तरह से चालू होने में समय लगेगा, लेकिन अमेरिका में लोकप्रिय थैंक्सगिविंग यात्रा अवकाश से पहले सिस्टम अपनी पूरी क्षमता के साथ काम करने लगेगा.

डफी और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मंत्री मार्कवेन मुलिन ने उड़ानों पर रोक के लिए पुराने एयर ट्रैफिक कंट्रोल सिस्टम को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस से पर्याप्त फंडिंग नहीं मिलने के कारण इन सिस्टम को अपडेट नहीं किया गया है.

मुलिन ने चेतावनी दी कि परिवहन व्यवस्था में "पूर्ण बदलाव" किए बिना आज जैसी घटनाएं दोबारा हो सकती हैं.

इससे पहले अमेरिका में एयर ट्रैफ़िक कंट्रोल के कम्युनिकेशन सिस्टम में आई समस्या के कारण देशभर में उड़ानों को रोक दिया गया था.

अमेरिका में राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड के पूर्व प्रमुख ने कहा कि 11 सितंबर, 2001 के हमलों के बाद से अमेरिका में उड़ानों का इतना व्यापक निलंबन कभी नहीं हुआ.

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ़ॉक्स न्यूज़ से कहा कि ऐसा नहीं लगता कि यह समस्या किसी साइबर हमले या एआई के कारण हुई है.