म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध रविचंदर और बिजनेसवुमन काव्या मारन ने पारंपरिक धार्मिक रीति-रिवाजों वाली की जगह ऐसी शादी रचाई जहां बराबरी और आपसी कमिटमेंट को तवज्जो दिया गया। इस जोड़े ने 11 नवंबर 2026 को ग्रीस में शादी की। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद से दोनों काफी चर्चा में हैं। ग्रीस में हुई इस शादी की झलकियों में वे एक-दूसरे को चेन पहनाते हुए दिखे। इन तस्वीरों के सामने आने के बाद DMK IT विंग के सेक्रेटरी डॉ.TRB राजा ने बताया भी कि उन्होंने सेल्फ-रिस्पेक्ट वाली शादी चुनी है। आइए जानते हैं ' सेल्फ रिस्पेक्ट मैरिज ' आखिर है क्या।

X पर शेयर की गई पोस्ट के अनुसार, अनिरुद्ध और काव्या ने अपने परिवार और दोस्तों की मौजूदगी में एक-दूसरे को मालाएं और चेन पहनाईं। इस शादी समारोह में रजनीकांतऔर तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन भी शामिल हुए।
क्या है 'आत्म-सम्मान विवाह'?

'आत्म-सम्मान विवाह' को तमिल में 'सुयमारियाथाई थिरुमानम' कहा जाता है, इसकी जड़ें तमिलनाडु में समाज सुधारक पेरियार ई. वी. रामासामी द्वारा शुरू किए गए 'आत्म-सम्मान आंदोलन' से जुड़ी हैं। इस आंदोलन से जातिगत भेदभाव, सामाजिक ऊंच-नीच और पितृसत्तात्मक के खिलाफ कदम बढ़ाने में मदद मिली थी। आम हिंदू शादियों से अलग, इस तरह के विवाह में न किसी पुजारी की जरूरत होती है न ही लंबे धार्मिक रीति-रिवाज निभाने पड़ते हैं। इसमें दूल्हा-दुल्हन अपने परिवार, दोस्तों या दूसरे गवाहों के सामने एक-दूसरे के साथ जिंदगी बिताने का वादा करते हैं। इस दौरान वे एक-दूसरे को माला, अंगूठी या चेन पहनाते हैं। इस शादी में सबसे ज्यादा महत्व दोनों की मर्जी, बराबरी और आपसी सहमति को दिया जाता है।
'आत्म-सम्मान विवाह' को है कानूनी मान्यता प्राप्त

तमिलनाडु में साल 1967 में 'हिंदू मैरेज एक्ट' में बदलाव करके इस तरह की शादी को कानूनी मान्यता दी गई था। कानून की धारा 7-A के मुताबिक, अगर दो लोग अपने रिशतेदारों, दोस्तों या गवाहों की मौजूदगी में एक-दूसरे को माला या अंगूठी पहनाते हैं या शादी करने का ऐलान करते हैं, तो उनकी शाकी को कानूनी मान्यता मिल सकती है।

ग्रीस में की अनिरुद्ध-काव्या ने शादी

अनिरुद्ध और काव्या ने 11 नवंबर को ग्रीस में शादी की। इससे एक दिन पहले यानी 10 नवंबर को दोनों की सगाई हुई था। शादी और सगाई के कार्यक्रम में कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। इनमें रजनीकांत और उनका परिवार, एम. के. स्टालिन और तमिलनाडु के उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन शामिल थे। शादी के बाद अनिरुद्ध ने इंस्टाग्राम पर पत्नी काव्या के साथ अपनी पहली ऑफिशियल फोटो शेयर की। इसके साथ उन्होंने लिखा, 'मेरी जिंदगी का वो एक खास इंसान, जो हमेशा के लिए मेरा है। 11.11।'

लाइमलाइट से दूर रहता था कपल

दोनों ने अपने रिश्ते को हमेशा से ही लाइमलाइट से दूर रखा है। हालांकि, साल 2025 में न्यूयॉर्क में दोनों का एक साथ घूमते हुए वीडियो सामने आया था। इसके बाद उनके अफेयर की चर्चाएं शुरू हो गई थीं। उस समय अनिरुद्ध ने X पर मजाकिया अंदाज में पोस्ट करके शादी की खबरों को अफवाह बताया था।

21 नवंबर को चेन्नई में होगा रिसेप्शन

ग्रीस में शादी के बाद अब अनिरुद्ध रविचंदर और काव्या मारन चेन्नई में अपने रिश्ते की खुशी दोस्तों और परिवार के साथ मनाएंगे। दोनों का वेडिंग रिसेप्शन 21 नवंबर को चेन्नई में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में फिल्म और राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों के शामिल होने की उम्मीद है। ग्रीस में हुई शादी के बाद अब फैंस को इस रिसेप्शन की तस्वीरों और खास पलों का इंतजार है।

काव्या और अनिरुद्ध की प्रोफैशनल लाइफ

अनिरुद्ध रविचंदर फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने म्यूजिक कंपोजर हैं। उन्होंने 'जेलर', 'विक्रम', 'लियो', और 'जवान' जैसी कई हिट फिल्मों में म्यूजिक दिया है। वहीं, काव्या मारन सन ग्रुप के चेयरमेन कलानिधि मारन की बेटी हैं। वह अपने परिवार के मीडिया और स्पोर्ट्स बिजनेस से जुड़ी हुई हैं। इसके अलावा वह IPL टीम 'सनराइजर्स हैदराबाद' की को-ओनर भी हैं।