ढाका: बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के चीफ शफीकुर रहमान का पाकिस्तान के साथ संबंधों पर बड़ा 'कबूलनामा' सामने आया है। बांग्लादेश में विपक्ष के सबसे बड़े दल जमात के मुखिया शफीकुर रहमान ने कहा है कि शेख हसीना को सत्ता से हटाने की कोशिशों में उनको पाकिस्तान का साथ मिला। वह पाकिस्तान से पैसा लेकर आए और उनके लोगों ने सड़कों पर हमले किए। हालांकि हसीना के हटने का फायदा उनके बजाय बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को मिल गया है।
सोशल मीडिया पर शेयर किए गए वीडियो में धुर दक्षिणपंथी इस्लामी नेता शफीकुर रहमान बंगाली में पाकिस्तान से मदद, शेख हसीना को सत्ता से हटना और तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बीएनपी सरकार के बारे में बात कर रहे हैं। शफीफ कथित तौर पर वीडियो में कह रहे हैं, 'पाकिस्तान से 1 अरब डॉलर हम लेकर लाए। हमारे कार्यकर्ताओं ने हमले अंजाम दिए। शेख हसीना को सत्ता से हटाने की योजना हमने बनाई और अब सत्ता का मजा तारिक रहमान ले रहे हैं।'
पाकिस्तान ने की जमात की मदद!

बांग्लादेश में अगस्त, 2024 में बड़ा सियासी घटनाक्रम देखने को मिला था, जब एक दशक से ज्यादा से सत्ता संभाल रहीं शेख हसीना को देश छोड़कर भागना पड़ा था। देश में हजारों युवाओं के सड़क पर उतरने और प्रदर्शनों को हिंसक होने के बाद हसीना को ढाका छोड़ना पड़ा था। उस समय की पीएम हसीना ने ढाका छोड़कर भारत में शरण ली थी।
शेख हसीना को भारत के लिए नरम रुख रखने वाली बांग्लादेशी नेता के तौर पर जाना जाता है। उन्होंने अपनी सत्ता जाने के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया है तो पाकिस्तान की ओर भी उंगली उठती रही है। शफीकुर रहमान के ताजा बयान से पता चलता है कि पाकिस्तान की सेना और सरकार भी शेख हसीना के खिलाफ थीं, वह जमात की मदद कर रही थीं।

बांग्लादेश की नई सरकार

बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार गिरने के बादमोहम्मद यूनुस के नेतृत्व में एक अंतरिम सरकार बनाई गई। इसी सरकार ने इस साल की शुरुआत में देश में इलेक्शन कराया। इस चुनाव में अवामी लीग की गैरमौजूदगी (पार्टी को बैन कर दिया गया था) में बीएनपी सबसे बड़ी पार्टी बनी। इसके बाद फरवरी में बीएनपी के नेता तारिक रहमान बांग्लादेश के नए प्रधानमंत्री बने।

शफीकुर रहमान की जमात-ए-इस्लामी और शेख हसीना के खिलाफ आंदोलन का नेतृत्व करने वाले नाहिद इस्लाम की एनसीपी विपक्ष में हैं। शफीकुर रहमान और नाहिद ने हालिया दिनों में लगातार तारिक पर निशाना साधा है और कई मुद्दों पर सरकार की आलोचना की है। शेख हसीना को हटाकर खुद सत्ता में ना आ पाने का इन दोनों दलों का दर्द अक्सर सामने आता रहा है।