यूं तो साइंस ने कभी भूत-प्रेत वाले तथ्यों को स्वीकार नहीं किया है लेकिन बड़ी संख्या में लोग इसे मानते हैं। कई लोग अपनी रियल लाइफ में ऐसे अनुभवों से गुजरे हैं। ऐसा ही कुछ वाकिया साउथ सिनेमा की एक्ट्रेस श्रुति हासन के साथ हुआ है। उन्हें मुंबई वाले अपने घर पर ही कुछ डरावना सा एहसास हुआ था। इसके बाद उन्होंने अपने घर में रखे मैनीक्वीन को हनुमान चलीसा पढ़ते हुए उसे हटाया था और घर को बांधा गया था।
श्रुति हासन ने दावा किया है कि उन्होंने अपने घर में कुछ अजीब से एनर्जी महसूस की थी। उनके घर में रखा एक मैनीक्वीन अजीब तरह से अपनी जगहें बदल लिया करता था। एक्ट्रेस ने याद किया कि कैसे इस अनुभव ने आखिरकार उन्हें उस पुतले को हटाने और अपने घर को साफ करने के लिए उन्हें कुछ रस्में निभानी पड़ी थी।
'मुझे पक्का लग रहा था कि मुंबई में मेरे घर में कुछ अजीब चल रहा है'
नेहा धूपिया और अंगद बेदी की 'डबल डेट' यूट्यूब सीरीज पर अपने अनुभवों के बारे में बात करते हुए, श्रुति ने बताया, 'किसी जगह पर अजीब एनर्जी है या नहीं इसका एहसास मुझे हो जाता है और ये हमेशा से मुझे फील होता है। यह हर समय नहीं होता लेकिन कभी-कभी होता है। चेन्नई में मेरे घर में बहुत न्यूट्रल एनर्जी है लेकिन मुझे पक्का लग रहा था कि मुंबई में मेरे घर में कुछ अजीब चल रहा है।'
'मेरे पास एक लाइफ-साइज मैनिक्वीन थी जिसे मैं फियोना कहती'
अपने घर के उस घटना को याद करते हुए उन्होंने बताया, 'मेरे पास एक लाइफ-साइज मैनिक्वीन थी जिसे मैं फियोना कहती थी। मेरे पास एक एक्स्ट्रा कॉस्ट्यूम था जो मेरी अलमारी में फिट नहीं हो पा रहा था, इसलिए वो मैंने उसे पहना कर रखा था। और मैंने उसका नाम फियोना रखा। जब भी मेरे दोस्त आते तो वे उसे देखकर हाय बोलते।'
'उस मैनिक्वीन ने अपना पोजिशन बदलना शुरू कर दिया था'
इसके बाद जो श्रुति ने महसूस किया वो डरावना था। दरअसल उन्होंने फील करना शुरू किया कि उस मैनिक्वीन ने अपना पोजिशन बदलना शुरू कर दिया था, जिसकी वजह से वो परेशान हो गई थीं।
साल 2007 में आई फिल्म 'आई एम लेजेंड' जैसी कहानी
उसे देखकर एक्ट्रेस सोचने लगीं कि इसे किसने हिलाया। उन्होंने कहा, 'आखिर मैंने उससे छुटकारा पा लिया, मैंने उसे तोड़ दिया।' अपने घर के अंदर हुई इस घटना की तुलना उन्होंने साल 2007 में आई फिल्म 'आई एम लेजेंड' से की, जिसमें पुतले अजीब तरह से हिलते हुए दिखाए गए हैं।
हनुमान चालीसा पढ़ी, हाथ में नमक लिया
श्रुति ने इसी बातचीत में बताया कि घर में हो रही इन डरावनी चीजों से निपटने के लिए उन्होंने धार्मिक काम की मदद ली। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने हनुमान चालीसा पढ़ी, हाथ में नमक लिया और अपने पूरे घर को सील करने से पहले पुतले को तोड़ दिया। उन्होंने आगे कहा, 'अब, घर में शांति है।'