मुंबई : शिवसेना सिंबल विवाद पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी और प्रशांत किशोर की सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। उद्धव ठाकरे गुट का दावा है कि सुप्रीम कोर्ट से उन्हें शिवसेना पार्टी और सिंबल वापस मिल सकती है। अगर ऐसा हुआ तो एकनाथ शिंदे की शिवसेना में ही उथल-पुथल मच जाएगी। हालात संभालने के लिए एकनाथ शिंदे अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने दिल्ली पहुंचे हैं। शुक्रवार को हाल ही में ठाकरे ग्रुप छोड़कर शिंदे गुट में शामिल हुए प्रधानमंत्री से नाश्ते पर मिले। इन सांसदों ने भी पहले अमित शाह से मुलाकात की थी।'राजनीतिक दल-विधायी दल अलग नहीं'
महाराष्ट्र में शिवसेना के सिंबल और विधायकों की अयोग्यता पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है। गुरुवार को चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की खंडपीठ ने यूबीटी नेता सुनील प्रभु की याचिका पर सुनवाई की। इस याचिका में महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर के अयोग्यता वाले फैसले को चुनौती दी गई है। कपिल सिब्बल की दलीलों के बाद जस्टिस जॉयमाल्य बागची ने टिप्पणी की कि विधायी दल राजनीतिक दल से स्वतंत्र होकर कार्य नहीं कर सकता। चुनाव आयोग ने शिंदे गुट को मान्यता देते समय विधायकों के बहुमत को आधार बनाकर गलती की। इस टिप्पणी के बाद यूबीटी सांसद संजय राउत ने एक ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने भरोसा जताया कि धनुष-बाण वाला सिंबल उद्धव ठाकरे गुट को वापस मिल सकता है।
पीएम मोदी टटोल रहे हैं मूड
इस टिप्पणी के बाद महाराष्ट्र की राजनीति गरमाने लगी। सूत्रों के अनुसार, एकनाथ शिंदे ने तुरंत दिल्ली में पीएम और गृहमंत्री से मुलाकात का वक्त मांगा। पीएम मोदी पहले ही ठाकरे खेमे से शिंदे गुट में शामिल होने वाले सांसदों से मुलाकात का वक्त दे चुके थे। GenZ आंदोलन के बाद देश भर में हालात का रिव्यू करने के लिए पीएम मोदी एनडीए के घटक दलों के नेताओं से बातचीत कर रहे हैं। संभावना है कि प्रधानमंत्री मोदी आज की मीटिंग में एकनाथ शिंदे से महाराष्ट्र के हालात पर चर्चा करेंगे। माना जा रहा है कि एकनाथ शिंदे कैबिनेट विस्तार में यूबीटी से आए सांसदों को शामिल करने का प्रस्ताव भी रख सकते हैं। बता दें महाराष्ट्र में एनसीपी में भी हालात बदल गए हैं। बिहार के बांकीपुर से जीते प्रशांत किशोर की सुनेत्रा पवार से मुलाकात के बाद नए संकेत मिल रहे हैं। बताया जा रहा है कि पार्थ पवार प्रशांत किशोर को चार्टर्ड प्लेन से मुंबई में सुनेत्रा पवार से मिलवाने लाए थे।