Drishyam 3 एडवांस बुकिंग: पहले दिन के लिए बिक चुके हैं 2.20 लाख टिकट, अभी 3 दिन बाकी, होगी रिकॉर्डतोड़ ओपनिंग
Updated on
29-09-2026 12:53 PM
अजय देवगन, तब्बू और जयदीप अहलावत स्टारर 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' की रिलीज में अब सिर्फ तीन दिन बचे हैं। गांधी जयंती के मौके पर 02 अक्टूबर को विजय सलगांवकर और उसके परिवार की कहानी एक बार फिर से हम सभी के सामने होगी। थिएटर में रिलीज होने से पहले ही इस क्राइम-ड्रामा ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त पकड़ बना ली है। फिल्म ने शुरुआती वीकेंड के लिए एडवांस सेल्स में ₹17 करोड़ से अधिक की ग्रॉस कमाई कर ली है। बीते शनिवार को देर शाम इसकी प्री-सेल्स बुकिंग शुरू हुई थी और मंगलवार सुबह 10 बजे तक, सिर्फ ओपनिंग डे के लिए 2.20 लाख टिकटों की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।डायरेक्टर अभिषेक पाठक की फिल्म को एडवांस बुकिंग में जैसा रेस्पॉन्स मिला है, यह घरेलू स्तर पर एक बड़ी ओपनिंग की सुगबुगाहट है। साल 2015 में रिलीज 'दृश्यम' और 2022 में आई 'दृश्यम 2' के बाद, दर्शकों की दिलचस्पी तीसरे पार्ट को लेकर बहुत अधिक है। यह एक्साइटमेंट तब और बढ़ गई है, जब मेकर्स ने बताया है कि इस बार कहानी मोहनलाल की मलयालम फिल्म से अलग होगी। फिल्म का बजट ₹80+ करोड़ बताया जा रहा है। जबकि ऐसा लग रहा ळै कि फिल्म पहले ही दिन देश में अपनी आधी से ज्यादा लागत वसूल लेगी।'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' एडवांस बुकिंग
Sacnilk के मुताबिक, 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' ने पहले वीकेंड तक के लिए एडवांस बुकिंग से ब्लॉक सीटों सहित ₹17.07 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। जबकि ब्लॉक सीटें हटा दें तो मंगलवार सुबह तक ₹10.86 करोड़ की प्री-सेल्स बुकिंग हुई है। इसमें भी पहले दिन यानी शुक्रवार, 2 अक्टूबर के लिए अकेले ₹8.81 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है। अभी मंगलवार, बुधवार औ गुरुवार को भी एडवांस बुकिंग होनी है, ऐसे में यह आंकड़ा बहुत तेजी से बढ़ने वाला है।राज्यों में महाराष्ट्र सबसे आगे
'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' के पहले दिन के लिए जिन राज्यों में सबसे तेजी से एडवांस बुकिंग हो रही है, उसमें महाराष्ट्र अव्वल नंबर पर है। शनिवार शाम से मंगलवार सुबह तक, यहां से ₹2.87 करोड़ की एडवांस बुकिंग हुई है। इसके बाद दिल्ली का नंबर है, जहां से अब तक ₹2.14 करोड़ की प्री-सेल्स बुकिंग हो चुकी है। जबकि तीसरे नंबर पर गुजरात है, जहां से ₹63.75 लाख की ग्रॉस कमाई हुई है।दिल्ली-एनसीआर में सबसे तेजी से बिक रही टिकटें
शहरों की बात करें तो अजय देवगन की फिल्म के लिए सबसे तेजी से टिकटों की बिक्री नेशनल कैपिटल रीजन यानी दिल्ली-NCR) में हो रही है। यहां से ₹2.14 करोड़ की बुकिंग हो चुकी है। इसके बाद मुंबई से ₹1.70 करोड़ और पुणे में ₹78.20 लाख की कमाई हुई।'दृश्यम' और 'दृश्यम 2' ने कितनी कमाई की थी
'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' को ओपनिंग डे पर सुपरहिट फ्रेंचाइजी होने का फायदा मिलेगा। मलयालम फिल्म की पहली हिंदी रीमेक 'दृश्यम' (₹67.14 करोड़) ने 2015 में बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा प्रदर्शन नहीं किया था, लेकिन यह लोगों को पसंद आई थी। इसका फायदा 2022 में 'दृश्यम 2' को मिला, जो तारीफ के साथ ही बॉक्स ऑफिस पर ₹239.67 करोड़ नेट कमाकर ब्लॉकबस्टर साबित हुई।'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' बॉक्स ऑफिस प्रेडिक्शन
बुकिंग का यह ट्रेंड फिल्म के पहले दिन के प्रदर्शन के लिए एक जबरदस्त संकेत है। मजबूत प्री-सेल्स और 'दृश्यम' फ्रेंचाइज की वैल्यू से पहले दिन बड़ी संख्या में स्पॉट बुकिंग भी होगी। रिलीज से पहले ही इस फिल्म को जिस तरह का रिस्पॉन्स मिल रहा है, ओपनिंग-डे पर कमाई को लेकर उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं। ट्रेड एनालिस्ट्स मानकर चल रहे हैं कि 'दृश्यम 3: द कन्क्लूजन' पहले दिन भारत में आसानी से ₹40 करोड़+ की नेट ओपनिंग हासिल कर लेगी। हालांकि, बहुत संभव है कि यह ₹50 करोड़ की नेट ओपनिंग भी कर ले।