1 नवंबर से जोमैटो के को-फाउंडर दीपेंदर गोयल द्वारा पेश किए गए हेल्थ-फोकस्ड वियरेबल डिवाइस Temple के प्री ऑर्डर शुरू हो जाएंगे। स्मार्टवॉच या फिटनेस बैंड की तरह यह भी एक वियरेबल गैजेट है, जिसे माथे के पास पहना जा सकेगा। अगर आप भी इस डिवाइस को लेकर उत्सुक हैं, तो आपको फुर्ती दिखानी होगी क्योंकि कंपनी ने वेटलिस्ट में शामिल लोगों को ईमेल भेजकर साफ कर दिया है कि इसका शुरुआती बैच काफी सीमित रहेगा।

गौरतलब है कि माथे और कान के बीच मौजूद जगह (कनपटी) पर पहने जाना वाला यह फिटनेस डिवाइस दिमाग में खून के बहाव को ट्रैक करेगा।
क्या है Temple, किस काम आएगा?

Temple भी एक फिटनेस ट्रैकिंग डिवाइस है, जो आपके दिमाग में खून के बहाव में होने वाले बदलावों को बारीकी से ट्रैक करता है। इस वजह से इसे कनपटी पर पहनना होगा। दिमाग में खून के बहाव को ट्रैक करने के लिए इसमें खास ऑप्टिकल सेंसर लगाए गए हैं। कंपनी ने इस तकनीक को ब्रेनफ्लो नाम दिया है।



एंट्रॉपी स्कोर बताएगा शरीर का हाल

  • यह डिवाइस अपने यूजर को 1 से लेकर 250 के बीच एक खास एंट्रॉपी स्कोर देगा। इससे यूजर समझ पाएगा कि अलग-अलग स्थितियों में उसका शरीर कितनी मेहनत कर रहा है।

  • यह आपकी नींद की क्वालिटी, रोजाना की कसरत, तनाव का स्तर और शरीर पर कैफीन के असर को भी दिखाता है।

  • अगर आप Temple पहनते हैं, तो यह इस बात पर भी नजर रखता है कि ग्रैविटी, उठने-बैठने के पोस्चर और ब्लड सर्कुलेशन का आपसी तालमेल कैसा है? हालांकि कंपनी इसे मेडिकल डिवाइस के तौर पर प्रमोट नहीं कर रही है और इसका इस्तेमाल किसी बीमारी के इलाज में भी नहीं होगा। उनका कहना है कि यह एक वेलनेस डिवाइस है, जिससे आप अपने दिमाग और शरीर को लेकर जागरूक रह सकते हैं।


कब, कैसे और कितने में मिलेगा Temple?


1 नवंबर 2026 से इसके प्री ऑर्डर शुरू होने की बात कही जा रही है। इसके लिए कंपनी खुद उन लोगों से संपर्क कर रही है, जिन्होंने अर्ली एक्सेस के लिए रजिस्ट्रेशन किया था। रिपोर्ट्स के मुताबिक Temple का पहला बैच कस्टम-ऑर्डर के हिसाब से तैयार होगा। ऐसे में बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होगी। एक्सपर्ट्स का कहना है कि शुरुआत में इस प्रोडक्ट की डिमांड ज्यादा होने की वजह से इसे हासिल करना थोड़ा मुश्किल हो सकता है।

कंपनी Temple को 6 रंगों में पेश करेगी, जिनमें से तीन शेड्स लिमिटेड एडिशन के तौर पर पेश किए जाएंगे। कंपनी ने फिलहाल इसकी कीमत को लेकर जानकारी साफ नहीं की है। हालांकि, इससे पहले कुछ रिपोर्ट्स में इसकी कीमत 1 लाख रुपये तक होने की संभावना जताई जा चुकी है। इसके साथ ही पहले बैच के डिवाइस ग्राहकों तक कब पहुंचेंगे, इसका खुलासा होना भी बाकी है।



वेटलिस्ट में ऐसे हों शामिल

  1. अगर आप भी Temple को खरीदने के लिए वेटलिस्ट में शामिल होना चाहते हैं, तो आप Temple की ऑफिशियल वेबसाइट ‘temple.com’ पर जा सकते हैं।

  2. वहां होम पेज पर आपको वेटलिस्ट में शामिल होने का ऑप्शन मिल जाएगा। उस पर क्लिक करके आपको अपना नाम, ईमेल और फोन नंबर उपलब्ध कराना होगा।

  3. इसके बाद आपको कंपनी की ओर से खुद ईमेल रिसीव होगा, जहां से आप बुकिंग कर पाएंगे। संभव है कि 1 नवंबर को ऑफिशियल वेबसाइट पर भी बुकिंग का ऑप्शन उपलब्ध हो।