मध्यप्रदेश कैडर के 2014 बैच के IPS अधिकारी अनुराग सुजानिया ने नौकरी से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने सोमवार को इस्तीफा दिया। इसमें नौकरी छोड़ने की वजह व्यक्तिगत बताई है।
सुजानिया करीब 6 महीने पहले सागर SP बनाए गए थे। चार दिन पहले ही सरकार ने उन्हें इस पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय (PHQ) में AIG बनाया था।
इधर, सुजानिया के इस्तीफे के बाद राज्य सरकार भी सक्रिय है। मुख्यमंत्री आज शाम पुलिस मुख्यालय पहुंचकर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इसलिए CM ने बुलाई अफसरों की बैठक
IPS अनुराग सुजानिया के इस्तीफे के बाद मंगलवार सुबह CM डॉ. मोहन यादव भौंरी पहुंचे थे। यहां IPS एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने इस मामले में CM से चर्चा की। बताया जा रहा है कि CM ने एसोसिएशन से मामले में हस्तक्षेप करने को कहा था। इसके बाद उन्होंने आज शाम पुलिस मुख्यालय (PHQ) में सभी सीनियर पुलिस अधिकारियों की बैठक बुलाई है।
शाम को होने वाली बैठक में कानून-व्यवस्था के साथ सुजानिया के इस्तीफे के मामले पर भी चर्चा हो सकती है।
सुजानिया का इस्तीफा स्वीकार करना है या नहीं, इसका फैसला अभी सरकार ने नहीं लिया है। इस मामले में IPS ऑफिसर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष चंचल शेखर से बात की गई, तो उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी होने से इनकार करते हुए इस मामले से किनारा कर लिया।
कौन हैं अनुराग सुजानिया
मुरैना- सागर SP रहते हुए जहरीली शराब कांड हुए
मुरैना में 24 लोगों की मौतें हुई थी: सुजानिया इससे पहले मुरैना जिले के SP भी रह चुके हैं। मुरैना में 2021 में उनके कार्यकाल के दौरान जहरीली शराब पीने से 24 से ज्यादा लोगों की मौत हुई थी। जांच में पुलिस के संरक्षण में अवैध शराब की बिक्री होने की बात सामने आई थी। इसके बाद उन्हें SP पद से हटा दिया गया था।
सागर में गई थी 15 लोगों की जान: इसके बाद इसी साल सितंबर में सागर के बंडा में जहरीली शराब से मौतों का मामला सामने आया। इसमें 15 मौतों की बात सामने आई थी, जबकि विपक्ष ने 36 मौतें होने का दावा किया था। सरकार ने मामले की न्यायिक जांच के लिए आयोग बनाया है। शुरुआत में सागर SP को नहीं हटाया गया था, लेकिन अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में कलेक्टर और SP दोनों को हटा दिया गया।
मध्यप्रदेश में जहरीली शराब से मौतों के मामलों के बीच राज्य सरकार ने देवास और सागर के कलेक्टर-SP बदल दिए हैं। देवास में जिला आबकारी अधिकारी बसंती भूरिया समेत 3 आबकारी अफसरों को भी निलंबित किया गया है। देवास के SP पुनीत गहलोत और सागर के SP अनुराग सुजानिया को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) बनाया गया है।
एमपी में जहरीली शराब से पिता-बेटा समेत 22 मौतें
सागर में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या 22 हो गई है। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। 112 लोग बीमार हैं, जिन्हें सागर और भोपाल के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। मामले में शराब ठेकेदार समेत 30 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।