भारत के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर हिमांशु भाऊ को अमेरिका में FBI ने गिरफ्तार किया है। हिमांशु पर दिल्ली, हरियाणा समेत कई राज्यों में मर्डर, हत्या की कोशिश, रंगदारी और हथियारों की तस्करी जैसे करीब 30 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में यह जानकारी सामने आई है।

इंटरपोल ने उसके खिलाफ 2023 में रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया था। हरियाणा पुलिस ने उस पर 2.5 लाख और दिल्ली पुलिस ने 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था।

2022 में हरियाणा में 24 घंटे में तीन हत्याओं के बाद हिमांशु चर्चा में आया था। हिमांशु भाऊ की गैंग ने ही 2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी ली थी। हिमांशु की लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से दुश्मनी मानी जाती है।

इसी मामले में एक अन्य भगोड़े नीरज फरीदपुरिया को भी पकड़ा गया। बताया गया है कि वह इस साल जमानत पर रिहा होने के बाद अपने टखने में लगा निगरानी ट्रैकर हटाकर गिरफ्तारी से बच रहा था।


हिमांशु ने लास वेगास में बना रखा था ठिकाना

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के एक सूत्र ने बताया कि दिल्ली और हरियाणा पुलिस की कई टीमें गैंगस्टर हिमांशु भाऊ की अमेरिका में तलाश कर रही थीं।

तकनीकी निगरानी और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर लास वेगास में उसका ठिकाना पता लगाया गया। इसके बाद अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों को उसकी लोकेशन शेयर की गई, जिन्होंने गुरुवार शाम उसे गिरफ्तार कर लिया।


17 की उम्र में अपराध की दुनिया में कदम, 24 घंटे में 3 हत्याओं से चर्चा में आया

  • 24 वर्षीय हिमांशु भाऊ हरियाणा के रोहतक जिले के रिटौली गांव का रहने वाला है।

  • उसने 17 साल की उम्र में रोहतक की सब्जी मंडी इलाके में जबरन वसूली करके अपराध की दुनिया में कदम रखा।

  • रितोली गांव के स्थानीय युवक सनी की हत्या के बाद हिमांशु भाऊ 2020 में हिसार के बाल सुधार गृह से करीब 20 लड़कों के साथ फरार हो गया था।

  • वह जेल में बंद गैंगस्टर नीरज बवाना से मिला और व्यापारियों को जबरन वसूली के लिए धमकाने लगा। बाद में उसने अपना गिरोह बना लिया।

  • हरियाणा व दिल्ली-एनसीआर की कई आपराधिक घटनाओं में उसका नाम सामने आया। उस पर 16 हत्या और हत्या की कोशिश समेत 30 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

  • 2022 में हरियाणा में 24 घंटे के भीतर हुई तीन हत्याओं में नाम सामने आने के बाद हिमांशु भाऊ चर्चा में आया।

  • उस पर व्यापारियों, शराब ठेकेदारों और प्रॉपर्टी कारोबारियों से रंगदारी मांगने और डराने के लिए गोलीबारी कराने के आरोप हैं।


एल्विश यादव के घर के बाहर फायरिंग में भी नाम

2025 में यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम स्थित घर के बाहर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी हिमांशु भाऊ ने ली थी। इसके अलावा दिल्ली के राजौरी गार्डन में बर्गर किंग आउटलेट पर हत्या और कार शोरूम पर गोलीबारी जैसी घटनाओं में भी गिरोह का नाम सामने आया था।


लॉरेंस गैंग से दुश्मनी, विदेश से चलाता था नेटवर्क

हिमांशु भाऊ के नीरज बवाना और बंबीहा गैंग से करीबी संबंध बताए जाते हैं, जबकि लॉरेंस और गोल्डी बराड़ गैंग से उसकी दुश्मनी मानी जाती है। उसका गिरोह दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में सक्रिय बताया जाता है।

वह पुर्तगाल में रह चुका है और विदेश से गिरोह चलाने के आरोप हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, गिरोह के सदस्य वर्चुअल नंबर और सोशल मीडिया के जरिए कारोबारियों से संपर्क कर रंगदारी मांगते थे।

कई एजेंसियां कर रही थीं तलाश

दिल्ली पुलिस, हरियाणा पुलिस की एसटीएफ और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) समेत कई एजेंसियां हिमांशु भाऊ की तलाश कर रही थीं। उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी था। अमेरिका में उसकी गिरफ्तारी के बाद अब भारत प्रत्यर्पण और आगे की कानूनी कार्रवाई को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।