बांग्लादेश में नेशनल सिटिज़न्स पार्टी (एनसीपी) के संयोजक नाहिद इस्लाम ने भारत पर बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश करने का आरोप लगाया है.

बीबीसी बांग्ला के मुताबिक उन्होंने कहा कि बांग्लादेश की मौजूदा लड़ाई भारतीय वर्चस्व के ख़िलाफ़ है और इसके लिए देश के लोगों और राजनीतिक दलों को एकजुट होना चाहिए.

देश में मौजूदा राजनीतिक हालात पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान के न्योते पर एनसीपी के चार नेताओं- नाहिद इस्लाम, वरिष्ठ संयुक्त संयोजक हसनात अब्दुल्लाह, सदस्य सचिव अख़्तर हुसैन और राजनीतिक परिषद के सदस्य अकरम हुसैन ने उनसे मुलाक़ात की.

बैठक के बाद प्रेस ब्रीफिंग में नाहिद इस्लाम ने सरकार से जनता और राजनीतिक ताक़तों को एकजुट करने की अपील की है. उन्होंने भारत पर शेख़ हसीना के प्रत्यर्पण में अड़ंगा डालने का आरोप भी लगाया. हालांकि भारत लगातार कहता रहा है कि यह क़ानूनी मामला है और इससे उसी के मुताबिक़ निपटा जाएगा.

नाहिद इस्लाम ने शेख़ हसीना का ज़िक्र करते हुए कहा, "भारत एक हत्यारे को पनाह दे रहा है और एक पार्टी को बांग्लादेश के ख़िलाफ़ इस्तेमाल करने के लिए अपनी ज़मीन का इस्तेमाल करने दे रहा है. हमारी मौजूदा लड़ाई अब अवामी लीग के साथ नहीं है. अब लड़ाई भारतीय वर्चस्ववाद के ख़िलाफ़ है. हमने अवामी लीग को पांच अगस्त को ही हरा दिया था. भारत बांग्लादेश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है. इसलिए जनता और राजनीतिक ताक़तों को एकजुट करना होगा."

नाहिद इस्लाम ने कहा, "जुलाई में हमने जो लड़ाई लड़ी थी, वह अब भी जारी है. अगर हम लोकतंत्र को संस्थागत रूप नहीं दे पाए, तो जनता का भरोसा नहीं जीत पाएंगे. इसके साथ ही, हमने कहा कि जुलाई के पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए और जुलाई योद्धाओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए. सरकार ने एकता की बात कही है. हमने भी बांग्लादेश को आगे ले जाने के लिए एकता के संबंध में अपने सुझाव दिए हैं

बांग्लादेश में जुलाई 2024 में तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख़ हसीना के नेतृत्व वाली अवामी लीग सरकार के ख़िलाफ़ विद्रोह हो गया था. जिसके बाद 79 वर्षीय शेख़ हसीना 5 अगस्त, 2024 को बांग्लादेश छोड़ने को मजबूर हो गई थीं और उसके बाद से भारत में रह रही हैं.