जयपुर में लग्जरी आइटम का नया ट्रेंड पॉपुलर हो रहा है। चश्मे के फ्रेम पर सोना-हीरे जड़े जा रहे हैं, कैप पर डायमंड वाली कलंगी सज रही है। जैकेट पर लगने वाली सजावटी पिन (ब्रोच) भी लाखों की कीमत छू रही है।
साथ ही स्मार्ट वॉच के दौर में ऐतिहासिक सिक्कों को ढालकर बनी लाखों की घड़ियों की डिमांड हो रही है। ये कीमतें आपको हैरान कर रही होंगी, लेकिन ऐसे लग्जरी आइटम की जमकर खरीदारी हो रही है। 20 लाख वाला चश्मा खरीदने के लिए अमेरिका से ऑर्डर आ चुके हैं।
खबर में पढ़िए- कैसे जयपुर का नया फैशन जेन-जी की पहली पसंद बन रहा है…
1. सोना-हीरे जड़ा चश्मा, एक की कीमत 20 लाख रुपए
जरा सोचिए, आप कोई चश्मा खरीदने जाएं और उसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई जाए! इसलिए नहीं कि उसमें कोई खास लेंस लगा है, बल्कि इसलिए कि उसका फ्रेम सोने से बना है और उस पर हीरे जड़े हैं।
ये चश्मा किसी आईवेयर कंपनी या आई स्पेशल हॉस्पिटल में नहीं बल्कि जयपुर की एक ज्वेलरी शॉप में ही तैयार हो रहा है। फ्रेम 18 कैरेट गोल्ड में डिजाइन किया जाता है। ग्राहक की डिमांड के हिसाब से हीरे और रंगीन रत्नों से फ्रेम सजाया जाता है...और कीमत 20 लाख तक पहुंच जाती है।
इस खास चश्मे को तैयार करने वाले ज्वेलर अशोक गोयल बताते हैं- जयपुर की पहचान कुंदन, मीनाकारी और हाथों से होने वाली बारीक ज्वेलरी कारीगरी के लिए रही है। अब इसी हुनर का इस्तेमाल चश्मों के फ्रेम में किया जा रहा है।
चश्मा जल्दी से टूटे नहीं, मजबूती देने के लिए फ्रेम में रिसाइकिल्ड ब्रास का इस्तेमाल होता है। ज्वेलरी डिजाइन करने वाले स्पेशल कारीगर ही हाथों से बारीक नक्काशी कर इसे यूनिक बनाते हैं। एक फ्रेम तैयार करने में करीब 15 दिन तक लगते हैं।
गोयल के मुताबिक- कई सेलिब्रिटी इस चश्मे को खरीद चुके हैं। अमेरिका से भी कुछ ऑर्डर मिले हैं।
2. डायमंड कलंगी वाली कैप, कीमत- 30 हजार से शुरू
पहले राजा-महाराजा शाही कलंगी वाली पगड़ी पहनते थे। अब जेन जी के दौर में 'चार्म्स डिजाइनर कैप' की डिमांड है। फर्क ये है कि कैप को स्टाइलिश और रॉयल लुक देने के लिए कलंगी की जगह गोल्ड-सिल्वर से बने चार्म्स लगवाए जा रहे हैं।
कुछ लोग अपनी पसंद के हिसाब से इसमें डायमंड और कीमती पत्थर भी जड़वाते हैं। इस तरह की एक कैप की कीमत 30 हजार रुपए से शुरू होती है। डायमंड लगने के बाद ये 90 हजार की हो जाती है।
3. सजावटी पिन की कीमत- 20 हजार से लाखों में
पुराने जमाने में शाही पोशाकों पर एक सजावटी पिन लगाई जाती थी, जिसे ब्रोच कहते हैं। अब ये ब्रोच भी गोल्ड-सिल्वर और डायमंड में तैयार हो रहे हैं। इनका डिजाइन कभी अंगूठी जैसा होता है, तो कभी पुराने शाही ब्रोच जैसा। एक ब्रोच की कीमत 20 हजार से शुरू होती है। डायमंड लगने के बाद लाखों तक पहुंच जाती है।
ब्रोच और चार्म्स कैप के डिजाइन तैयार करने वाले वेदांश बताते हैं कस्टमर यूनिक आइटम की डिमांड करते हैं। जो ब्रोच तैयार किया है उसकी खासियत यह है कि इन्हें कपड़ों के हिसाब से बदला जा सकता है। एक ही चार्म को कभी कैप पर तो कभी जैकेट या बैग पर लगाया जा सकता है।
4. घड़ी में 1947 का सिक्का, पीएम मोदी भी पहन चुके जयपुर की बनी वॉच
स्मार्ट वॉच के जमाने में विरासत को शो केस करने वाले डिजाइन से बनी घड़ियां भी काफी ट्रेंड में हैं। इसका एक उदाहरण जयपुर वॉच कंपनी की 'बाघ' (Baagh) वॉच है। इस वॉच में 1947 में ब्रिटिश भारत के समय ढाले गए आखिरी सिक्के को शामिल किया गया है। इस सिक्के पर चलता हुआ बाघ बना है, जिसे ताकत और आगे बढ़ने का प्रतीक माना गया है। फरवरी 2026 में दिल्ली में हुए AI समिट के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी कंपनी की घड़ी पहने नजर आए थे। इस घड़ी की कीमत 60 हजार रुपए के करीब है।
इसे तैयार करने वाले जयपुर के गौरव मेहता बताते हैं, घड़ियों के डायल में 1947 के आखिरी ब्रिटिशकालीन एक रुपए के सिक्के, ऐतिहासिक डाक टिकट और नेचुरल पत्थरों को हाथ से जड़कर अनूठे डिजाइन की डिमांड है। अभी जयपुर के लोटस और लहरिया गेट सहित देश के ऐतिहासिक दरवाजों की घड़ियों का कलेक्शन भी उतारा है।
इन घड़ियों की कीमत करीब 27 हजार से लेकर 1.75 लाख रुपए तक है। एक घड़ी को तैयार करने में करीब 7 सप्ताह लगते हैं, जबकि डिजाइन और सैंपल तैयार करने में कई महीनों की मेहनत है। इस तरह का कलेक्शन अमिताभ बच्चन जैसे कई सेलिब्रिटी भी खरीद चुके हैं।