ग्वालियर शहर के पॉश इलाके में पड़ाव थाना से करीब 100 मीटर की दूरी पर स्थित 'मॉलीक्यूल बार एंड रेस्टोरेंट' में शनिवार रात हंगामा हो गया। यहां कुछ युवकों ने डिस्कोथेक में डांस कर रहीं लड़कियों पर अश्लील कमेंट्स किए। इतना ही नहीं, पास की टेबल पर बैठी युवतियों पर भी फब्तियां कसने लगे। युवतियों की शिकायत पर स्टाफ ने युवकों को रोका, तो विवाद बढ़ गया।
इसके बाद युवकों ने अपने तीन और साथियों को बुला लिया और बार में जमकर उत्पात मचाया। आरोपियों ने बाउंसर और स्टाफ के साथ मारपीट की और रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ कर दी।
सूचना मिलते ही पड़ाव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हमले में बाउंसर समेत बार के पांच कर्मचारी घायल हुए हैं।
बीयर पीते हुए युवतियों पर कसे फब्तियां, डीजे पर चढ़ने की जिद
रेस्टोरेंट मैनेजर प्रियांशु सिंह (38) के मुताबिक, रात करीब 11 बजे बार में पांच युवक बीयर पी रहे थे। इसी दौरान नशे में उन्होंने पास की टेबल पर बैठी दो युवतियों पर अश्लील कमेंट्स और हरकतें शुरू कर दीं। परेशान होकर युवतियों ने स्टाफ से शिकायत की। इस पर बाउंसर सत्यम यादव और कर्मचारियों ने युवकों को समझाया और ठीक से व्यवहार करने की हिदायत दी।
इससे युवक उल्टे स्टाफ से उलझ गए और जबरन डीजे पर चढ़ने लगे। उन्होंने डिस्कोथेक में डांस कर रहीं लड़कियों पर भी अश्लील कमेंट्स किए। स्टाफ ने दोबारा उन्हें रोकने और समझाने की कोशिश की, लेकिन विवाद बढ़ गया।
फोन कर बुलाए तीन साथी, फिर बाउंसर और स्टाफ पर हमला
बाउंसर के टोकने से नाराज युवकों ने फोन कर अपने तीन और साथियों को मौके पर बुला लिया। इसके बाद आठ युवकों ने मिलकर बाउंसर और कर्मचारियों पर लात-घूंसों और कांच की बोतलों से हमला कर दिया। आरोपियों ने रेस्टोरेंट की कुर्सियां, टेबल और सजावटी सामान भी तोड़ दिए। हंगामे के बीच ग्राहक जान बचाकर बाहर भागने लगे।
बाउंसर समेत पांच कर्मचारी घायल, सिर और पीठ पर चोटें
हमले में बाउंसर सत्यम यादव समेत गणेश तिवारी, शिवम तिवारी, नीलमणि कुमार और सचिन भदौरिया घायल हो गए। आरोपियों ने उनके सिर, चेहरे, पीठ और हाथों पर हमला किया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों का मेडिकल कराने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जाते-जाते दी जान से मारने की धमकी
मारपीट और तोड़फोड़ के बाद आरोपी स्टाफ को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने कहा, 'आज छोड़ रहे हैं, अगली बार रोका तो जान से मार देंगे।' इसके बाद सभी आरोपी अपनी कारों में बैठकर भाग निकले।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान में जुटी
मैनेजर प्रियांशु सिंह की शिकायत पर पड़ाव थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।