
भोपाल। हाईसिक्योरिटी जोन 74 बंगला क्षेत्र भी अब चोरों के आतंक से सुरक्षित नहीं है। बदमाशों ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित तीन मंत्रियों के सरकारी आवासों के बीच स्थित एक सांची पार्लर बॉक्स का ताला तोड़कर सामान चुरा लिया। साथ ही अंदर लगे कैमरे तोड़कर उसका डीवीआर भी अपने साथ ले गए। शिकायत पर टीटीनगर पुलिस ने मामला कायम किया है। हालांकि अब तक चोरों का सुराग नहीं मिल पाया है।
पुलिस के अनुसार लिंक रोड नंबर-1 स्थित सांची पार्लर में गुरुवार देर रात चोरी की वारदात हुई। यह पार्लर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके के आवास के सामने, मंत्री कृष्णा गौर के बंले से करीब 10 मीटर दूर और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के आवास की सुरक्षा चौकी से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है।
शुक्रवार सुबह दुकान संचालक जब पार्लर पहुंचा तो ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। चोर काउंटर में रखी नकदी के अलावा दही, श्रीखंड और लस्सी सहित अन्य डेयरी उत्पाद भी चुरा ले गए। कुल नुकसान 40 से 50 हजार रुपये के बीच आंका गया है। हालांकि पुलिस ने चिप्स और बिस्कुट चोरी की मामूली चोरी होना बताई है।
एक महीने पहले मंत्री सारंग के बंगले में हो चुकी है चोरी करीब एक महीने पहले इसी वीआइपी क्षेत्र में खेल मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के सरकारी बंगले के स्टोर रूम में चोरी हुई थी। बदमाश स्टोर रूम का ताला तोड़कर ट्राफियां, मेडल, स्मृति चिह्न और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुरा ले गए थे। वहीं कई मंत्रियों के बंगले होने के कारण वहां पुलिस का भी पहरा होता है, जिससे अब सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।