अगले हफ्ते होगा न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम का ऐलान, प्रज्ञान ओझा के हाथों में होगी खिलाड़ियों की किस्मत
Updated on
05-10-2026 12:23 PM
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर क्रिकेट फैंस का इंतजार जल्द ही खत्म होने वाला है। भारत के इस लंबे और महत्वपूर्ण दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का आधिकारिक ऐलान अगले हफ्ते किया जाएगा। BCCI की चयन समिति अगले सप्ताह एक विशेष बैठक का आयोजन करने जा रही है, जिसमें न्यूजीलैंड दौरे के लिए तीनों प्रारूपों (टी20, वनडे और टेस्ट) के स्क्वाड पर अंतिम मुहर लगाई जाएगी।प्रज्ञान ओझा की अगुवाई में चुनी जाएगी भारतीय टीम
इस बार न्यूजीलैंड दौरे के लिए टीम चयन प्रक्रिया एक बड़े बदलाव के बीच होने जा रही है। रविवार, 4 अक्टूबर को बीसीसीआई के मुख्य चयनकर्ता के रूप में अजीत अगरकर का कार्यकाल आधिकारिक तौर पर समाप्त हो चुका है। उनका कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने के बाद बीसीसीआई ने एक अंतरिम व्यवस्था लागू की है। अब पूर्व भारतीय स्पिनर प्रज्ञान ओझा की अगुवाई वाली 4 सदस्यीय चयन समिति इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को संभालेगी। जब तक नए स्थायी मुख्य चयनकर्ता की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक प्रज्ञान ओझा की अध्यक्षता में ही यह चार सदस्यीय कमेटी काम करेगी और अगले हफ्ते न्यूजीलैंड दौरे के लिए अंतिम स्क्वाड का चयन करेगी।हेड कोच गौतम गंभीर का रहेगा अहम रोल
चयन समिति की इस आगामी बैठक में भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर भी शामिल होंगे। गंभीर चयनकर्ताओं को न्यूजीलैंड की चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों, पिचों के मिजाज, खिलाड़ियों की हालिया फिटनेस स्थिति और वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए अपने इनपुट्स सौंपेंगे। बीसीसीआई सूत्रों के अनुसार, चयनकर्ता 22 अक्टूबर से शुरू हो रहे 45 दिनों के इस लंबे दौरे को ध्यान में रखते हुए एक संतुलित और मजबूत टीम चुनना चाहते हैं, जिससे तीनों ही सीरीज में भारत अपनी बेस्ट प्लेइंग-11 मैदान पर उतार सके।
22 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक चलेगा न्यूजीलैंड का लंबा दौरा
भारत का न्यूजीलैंड दौरा 22 अक्टूबर से शुरू होकर 1 दिसंबर तक आयोजित होगा। लगभग डेढ़ महीने लंबे इस दौरे में भारतीय टीम को तीनों प्रारूपों में कड़ी टक्कर देनी है। 5 मैचों की T20I सीरीज 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक। 5 मैचों की ODI सीरीज 4 नवंबर से 15 नवंबर तक और 2 मैचों की टेस्ट सीरीज 19 नवंबर से 1 दिसंबर तक खेली जाएगी। फिलहाल भारतीय टी20 टीम लखनऊ में मौजूद है, जहां 6 अक्टूबर, मंगलवार से वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की घरेलू टी20 सीरीज का पहला मुकाबला खेला जाना है। वेस्टइंडीज सीरीज के तुरंत बाद भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के लिए रवाना होना है, जिसके लिए अगले हफ्ते बीसीसीआई द्वारा आधिकारिक तौर पर भारतीय खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया जाएगा।