एक्ट्रेस देवोलीना भट्टाचार्जी इस वक्त बहुत गुस्से में हैं। हर मुद्दे पर बेबाकी से अपनी राय रखने वालीं देवोलीना ने अब छात्रों के लिए आवाज उठाई है। देश में लगातार हो रही परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों और नीट पेपर लीक मामले पर देवोलीना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेर लिया है। हाल ही नागपुर की एक छात्रा स्नेहा चतुर्वेदी ने नीट पेपर लीक के बाद परीक्षा रद्द किए जाने पर कथित तौर पर सुसाइड कर लिया। स्नेहा को जब पता चला कि नीट का पेपर लीक हो गया है और अब इसकी परीक्षा दोबारा होगी, तो वह बुरी तरह टूट गई और जान दे दी। स्नेहा का कथित सुसाइड नोट सोशल मीडिया पर चर्चा में है और लोग खूब गुस्सा निकाल रहे हैं। देवोलीना भी यह देखकर आगबबूला हो गईं। उन्होंने पीएम मोदी पर गुस्सा निकाला और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को घेरते हुए पूछा- और कितनी जिंदगियां बर्बाद करोगे?देवोलीना भट्टाचार्जी ने एक यूजर के X पोस्ट को अपने अकाउंट पर री-ट्वीट किया, जिसमें उसने स्नेहा चतुर्वेदी के सुसाइड को लेकर लिखा था। स्नेहा ने मौत को गले लगाने से पहले जो बातें नोट में लिखी थीं, पोस्ट में उनका जिक्र था। इसी को देवोलीना ने अपने X अकाउंट पर शेयर किया और गुस्सा निकाला।देवोलीना भट्टाचार्जी- आप हमें निराश कर रहे हैं मोदी जी
देवोलीना भट्टाचार्जी ने लिखा, 'मैं कई चीजों पर अपने पीएम का सपोर्ट करती हूं, लेकिन ये गड़बड़ियां, शिक्षा के साथ खिलवाड़, छात्रों का भविष्य बर्बाद करना, पेपर लीक होना, दोबारा परीक्षा होना कोई मजाक नहीं है सर। आप हमें निराश कर रहे हैं मोदी जी।'
शिक्षा मंत्री पर भड़कीं- कितनी जिंदगियां बर्बाद करोगे?
देवोलीना ने इसी पोस्ट में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को टैग करते हुए लिखा, 'आप और कितनी जिंदगियां बर्बाद करोगे? क्या आप सच में सोचते हैं कि नीट और ज़ी की परीक्षाएं मजाक हैं? खुदके बच्चे विदेशों में पढ़ रहे हैं और यहां बच्चों के भविष्य के साथ कबड्डी खेल रहे हैं।'12 मई को रद्द हुई NEET परीक्षा, छात्रों और सेलेब्स का फूटा गुस्सा
बता दें कि NEET की परीक्षा 3 मई 2026 को हुई थी, जिसके बाद पेपर लीक की बात सामने आई और 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई इस मामले में सीबीआई ने तब पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। हालांकि, पेपर लीक पर छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा था, क्योंकि 22 लाख से अधिक छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया। कमल हासन और थलपति विजय के साथ-साथ तब देवोलीना भट्टाचार्जी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने कहा था कि कुछ अयोग्य लोगों को डॉक्टर बनाने के लिए यह नीट पेपर लीक करवाया गया है और अगर इसे सुधारा नहीं गया, तो देश का भविष्य और युवा खोखले हो जाएंगे।