ग्वालियर: शहर के हजीरा क्षेत्र स्थित प्रगति नगर में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 12 बजे आवारा सांडों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। दरअसल, गली में तीन से चार सांडों की आपस में लड़ाई हो गई। इस दौरान सांड इतने उग्र हो गए कि कई खड़ी कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसी बीच एक सांड जान बचाने के लिए एक कार के ऊपर चढ़कर दूसरी ओर कूद गया, जिससे कार की छत और बोनट बुरी तरह पिचक गए। घटना के वक्त गली से गुजर रहे दो युवक भी सांडों की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
आपसी लड़ाई में उग्र हुए सांड, वाहनों को पहुंचा नुकसान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 12 बजे गली में घूम रहे सांडों के झुंड में दो सांड आपस में भिड़ गए और देखते ही देखते लड़ाई उग्र हो गई। भागदौड़ और टक्कर के कारण गली में खड़ी कई कारों को नुकसान पहुंचा। एक कार के ऊपर से सांड के कूदने से वाहन की छत व बोनट दब गए। रात के समय हुई इस घटना से कॉलोनी में दहशत फैल गई।

सड़क पर बचा खाना फेंकने से लग रहा मवेशियों का जमावड़ा

आवारा सांडों की मौजूदगी से कॉलोनी के रहवासी लंबे समय से परेशान हैं। स्थानीय निवासी रविन्द्र सिंह के मुताबिक, कुछ लोग घरों का बचा हुआ खाना सड़कों पर फेंक देते हैं, जिसकी वजह से रात के समय गली में आवारा गायों और सांडों का जमावड़ा लगा रहता है। रहवासियों का कहना है कि सांडों के डर से बच्चों का घरों के बाहर निकलना और खेलना भी मुश्किल हो गया है।