झांकी में पीएम मोदी की तस्वीर आते ही कांग्रेस नेता ने बंद कर ली आंखें, कैलाश विजयवर्गीय ने लिए मजे
Updated on
27-09-2026 03:48 PM
इंदौर: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की 103 साल पुरानी पारंपरिक झिलमिलाती झांकियों का कारवां जब सड़कों पर उतरा, तो भक्ति और उल्लास के साथ-साथ गजब का सियासी ड्रामा भी देखने को मिला। इस दौरान एक ऐसा वाकया सामने आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। झांकी के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर आते ही मंच पर बैठे कांग्रेस नेता ने अपनी आंखें ही बंद कर लीं।जेल रोड पर हुआ दिग्गजों का आमना-सामना
जेल रोड के पास जब भाजपा के कद्दावर कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा का आमना-सामना हुआ, तो राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गईं। परंपरा के मुताबिक, हर साल की तरह इस बार भी सज्जन सिंह वर्मा का मंच जेल रोड पर सजा हुआ था। जैसे ही कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय अपनी फूलों से सजी विशेष गाड़ी में सवार होकर वहां से गुजरे, उन्होंने बेहद आत्मीय अंदाज में हाथ जोड़कर सज्जन सिंह वर्मा का अभिवादन किया और फूलों से उनका स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच की यह सौहार्दपूर्ण तस्वीर हर किसी को भा रही थी।जब पीएम मोदी को देखते ही मूंद ली आंखें
झांकी यात्रा के दौरान मंच पर मौजूद कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा के सामने जैसे ही पीएम मोदी की तस्वीर आई, उन्होंने अपनी आंखें बंद कर लीं। इस अनूठे रिएक्शन ने वहां मौजूद लोगों और समर्थकों का भरपूर मनोरंजन किया और देखते ही देखते यह वाकया चर्चा का हॉट टॉपिक बन गया।
ऐन मौके पर धीमा हो गया माइक
सज्जन सिंह वर्मा हमेशा अपने तीखे बयानों और चुटीले तंज के लिए जाने जाते हैं। वे इस बार भी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को मजाकिया अंदाज में कुछ कहने ही वाले थे कि ऐन मौके पर माइक की आवाज धीमी हो गई, जिससे उनका तंज जनता तक नहीं पहुंच सका। हालांकि, इस सियासी मस्ती के बीच एक गंभीर मुद्दा भी उठा। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने राज्य सरकार से मांग की कि इंदौर की इन ऐतिहासिक कपड़ा मिलों द्वारा तैयार की जाने वाली पारंपरिक झांकियों को स्थायी संरक्षण और बढ़ावा दिया जाना चाहिए ताकि यह सांस्कृतिक धरोहर यूं ही सुरक्षित रहे।