राम चरण की स्पोर्ट्स एक्शन ड्रामा 'पेद्दी' जहां एक ओर विवादों में घिरी हुई है, वहीं बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 6 दिनों में देश में ₹179.35 करोड़ का नेट कलेक्शन और वर्ल्डवाइड ₹261.23 करोड़ का ग्रॉस बिजनस कर लिया है। डायरेक्टर बुच्ची बाबू सना जब 'पेद्दी' की कहानी और स्क्रीनप्ले लिखने बैठे होंगे तो शायद ही उन्होंने यह सोचा होगा कि फिल्म में उन्होंने जान्हवी कपूर के जो सीन्स रचे हैं, उसको लेकर इतना शोर मचेगा। फिल्म में जान्हवी कपूर के किरदार को 'अश्लील' तरीके से दिखाए जाने पर सवाल उठने के बाद बुच्ची बाबू सना ने ना सिर्फ माफी मांगी है, बल्कि 'पेद्दी' से विवादित हिस्से (क्लिप्स) हटा दिए हैं। हालांकि, इस बहस के बीच अल्लू अर्जुन लोगों के निशाने पर आ गए हैं। 'पुष्पा' एक्टर ने X पर 'पेद्दी' की तारीफ की थी, जिसके बाद लोगों ने उनकी क्लास लगा दी है।राम चरण और अल्लू अर्जुन रिश्ते में भाई हैं। अल्लू अर्जुन के पिता निर्माता अल्लू अरविंद और राम चरण की मां सुरेखा सगे भाई-बहन हैं। अल्लू अर्जुन ने मंगलवार को X पर बताया कि उन्होंने 'पेद्दी' देख ली है। 44 साल के एक्टर ने एक लंबा नोट लिखा है और फुफेरे भाई राम चरण की जमकर तारीफ की है। यहां तक तो ठीक था। लेकिन जब एक्टर ने यह लिखा है कि 'फिल्म का हर पहलू कमाल' है, तो यहां यूजर्स ने उन्हें खदेड़ दिया।अल्लू अर्जुन ने देखी 'पेद्दी', कहा- भाई राम चरण पर गर्व है
अल्लू अर्जुन ने X पर लिखा, 'कल रात 'पेद्दी' देखी। मेरे प्यारे राम चरण की जबरदस्त परफॉर्मेंस। एक दमदार, रॉ परफॉर्मेंस, जबरदस्त बॉडी ट्रांसफॉर्मेशन और शानदार डांस मूव्स। उन्होंने फिल्म के हर पहलू में कमाल कर दिया। सच में अपने भाई पर बहुत गर्व है। वे हर तारीफ के हकदार हैं।'
जान्हवी कपूर, डायरेक्टर और बाकी टीम को दी बधाई
इन दिनों एटली की फिल्म 'राका' की शूटिंग कर रहे अल्लू अर्जुन ने आगे लिखा, 'जगपति बाबू गारू और बाकी सभी कलाकारों की बेहतरीन परफॉर्मेंस। लीड एक्ट्रेस Janhvi Kapoor को ढेर सारा प्यार। सभी टेक्नीशियंस और प्रोड्यूसर्स को बधाई। फिल्म के कैप्टन, बुच्ची बाबू सना गारू को भी बधाई, जिन्होंने सभी को बेहतर बनाया और राम चरण गारू को एक ऊंचे मुकाम पर पहुंचाया। 'पेद्दी' की पूरी टीम को बधाई!'फैंस बोले- एक भाई का दूसरे भाई को सपोर्ट दिल छू लेने वाला
अब अल्लू अर्जुन के इस पोस्ट पर लोग दो गुटों में बंटे हुए नजर आ रहे हैं। पहले तो राम चरण के फैंस हैं, जो दोनों भाइयों के बीच प्यार की बलाइयां ले रहे हैं। एक फैन ने कमेंट किया, 'आप 'पेद्दी' के बारे में ट्वीट करने वाले पहले सेलिब्रिटी हैं। धन्यवाद! अब हम Raaka पर और भी ज्यादा प्यार बरसाएंगे। लव यू।' एक दूसरे फैन ने लिखा, 'आखिरकार, राम चरण के साथी और भाई अल्लू अर्जुन की तरफ से तारीफ मिली। पता नहीं बाकी लोगों ने अभी तक कुछ क्यों नहीं कहा।' एक तीसरे फैन ने लिखा, 'एक भाई का दूसरे भाई को सपोर्ट करना दिल को छू लेने वाला है। इस रिव्यू के बाद, फिल्म देखने आने वाली भीड़ और भी बढ़ेगी।'यूजर्स ने अल्लू अर्जुन को कोसा- कोई दूसरा वर्जन देख आए
दूसरी ओर, कई दूसरे यूजर्स ने 'पेद्दी' में जाह्नवी कपूर के किरदार अच्चियम्मा को दिखाए जाने के तरीके पर आपत्ति जताई और इसके लिए अल्लू अर्जुन को भी कोसा। एक यूजर ने लिखा, 'लगता है आपने फिल्म का कोई दूसरा वर्जन देख लिया है। जहां जान्हवी के सीन्स नहीं थे।' एक दूसरे यूजर ने लिखा, 'फिल्म का हीरो बार-बार हीरोइन की पर्सनल बाउंड्रीज को नजरअंदाज करता है, बिना इजाजत उसे छूता है, क्या यह सब आपको नहीं दिखा?'एक ने पूछा- आप जान्हवी कपूर के लिए स्टैंड ले सकते थे
एक अन्य यूजर ने अल्लू अर्जुन से सवालिया लहजे में कमेंट करते हुए कहा, 'क्या आपको नहीं लगता कि आप जान्हवी कपूर के लिए यहां स्टैंड ले सकते थे। सिर्फ तारीफ करना ही सही नहीं है।'मेकर्स ने 'पेद्दी' से हटाए जान्हवी के विवादित सीन्स
इन सब के बीच 'पेद्दी' के मेकर्स ने फिल्म से विवादित सीन्स और क्लिप्स हटा दिए हैं, जिसमें जान्हवी कपूर के शरीर के ऊपरी हिस्से और नाभि पर बेवजह क्लोजअप शॉट्स लिए गए थे। डायरेक्टर बुच्ची बाबू सना ने इस बाबत 'इंडियन एक्सप्रेस' से बातचीत में कहा, 'मेरी राय में बहुत से लोगों ने जान्हवी कपूर के ट्रैक को एक अच्छी कहानी में गैर-जरूरी समझा। इस फिल्म में मैंने थोड़ा अलग और साहसी तरीका अपनाया, क्योंकि 'पेद्दी' पहाड़ों से दूर एक सुदूर इलाके से आता है। मैं उसके व्यवहार का कच्चापन दिखाना चाहता था और बाद में उसे सही ठहराना चाहता था। उसे लगता है कि उसे उसी महिला से शादी करनी चाहिए जिससे वह प्यार करता है।'डायरेक्टर ने माना 'पेद्दी' में कुछ सीन गलतफहमी पैदा करने वाले
डायरेक्टर ने आगे कहा, 'इस प्रक्रिया में कुछ शॉट्स गलतफहमी पैदा करने वाले बन गए। हमने उन्हें हटाने के लिए सुधारात्मक कदम उठाए हैं और उन्हें हटा दिया है। मुझे लगता था कि पेद्दी जैसे लड़के में नेशनल लेवल पर खेलने और हमारे देश के लिए ओलंपिक में मेडल जीतने की काबिलियत है। खेल की भावना इस देश के लोगों की जिंदगी का हिस्सा है। मैं यही दिखाना चाहता था। साल 2017-18 में 'खेलो इंडिया' की शुरुआत इस सोच के साथ हुई थी कि हर घर से खिलाड़ी ढूंढे जाएं और उन्हें दुनिया के सामने लाया जाए। यही हमारी प्रेरणा का मुख्य स्रोत बना।'बुच्ची बाबू सना ने जान्हवी कपूर के किरदार पर दी सफाई
डायरेक्टर ने फिल्म में जान्हवी कपूर के किरदार 'अचियम्मा' को लिखे जाने के तरीके की आलोचनाओं पर भी सफाई दी। उन्होंने कहा, 'मेरी राय में, बहुत से लोगों ने जान्हवी कपूर वाले हिस्से को एक अच्छी कहानी में गैर-जरूरी समझकर गलत समझा। मैं मानता हूं कि कुछ शॉट्स गलतफहमी पैदा करने वाले बन गए। हमने उन्हें हटा दिया है।'जान्हवी कपूर के सीन्स पर क्यों हुआ विवाद
'पेद्दी' जब 04 जून को रिलीज हुई, उसके ठीक बाद दर्शकों ने जान्हवी कपूर के किरदार 'अचियम्मा' को पर्दे पर दिखाने के तरीके पर आपत्ति जताई। कई दर्शकों ने यह भी कहा कि फिल्म में अचियम्मा का किरदार गैर-जरूरी है। ऐसा लगता है कि एक्ट्रेस को जबरन ग्लैमर परोसने के लिए लिया गया है। लोगों का आरोप है कि डायरेक्टर का कैमरा जान्हवी की एक्टिंग से ज्यादा उनके शारीर की बनावट पर ज्यादा फोकस कर रहा है। फिल्म में राम चरण का किरदार जिस तरह लड़की के मना करने के बाद भी उसे किस करता है, उसका पीछा करता है, उसे शरीर को देखता है, यह छिछोराप नहीं है तो क्या है?बुच्ची बाबू सना ने सोशल मीडिया पर मांगी थी माफी
इससे पहले बुच्ची बाबू सना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट लिखकर दर्शकों से माफी भी मांगी थी। उन्होंने लिखा, 'एक फिल्ममेकर के तौर पर मेरा मानना है कि सिनेमा को दर्शकों का मनोरंजन करना चाहिए, उन्हें प्रेरित करना चाहिए और उनसे जुड़ना चाहिए। इससे कभी भी किसी को असहज या अपमानित महसूस नहीं होना चाहिए। हमने 'पेद्दी' के कुछ सीन के बारे में मिली प्रतिक्रिया सुनी है और इसे गंभीरता से लिया है। स्क्रीन पर और स्क्रीन के बाहर भी महिलाओं के लिए मेरे मन में हमेशा बहुत सम्मान रहा है और हमारा मकसद कभी भी किसी महिला किरदार को ऑब्जेक्टिफाई करना या उसका अपमान करना नहीं था। अगर फिल्म के किसी हिस्से को उस नजरिए से देखा गया है, तो हम उन भावनाओं का सम्मान करते हैं, उठाई जा रही चिंताओं को समझते हैं और ईमानदारी से माफी मांगते हैं।'