जबलपुर के मुस्काना प्लाजा के पास स्थित जेडी कॉलोनी में कार से स्ट्रीट डॉग को कुचलने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार एक नाबालिग चला रहा था। घटना में डॉग के चारों पैर टूट गए। शुक्रवार रात इसकी जानकारी मिलने पर डॉग लवर्स और स्थानीय लोग विजय नगर थाने पहुंचे और कार मालिक भरत सोनी व उसके बेटे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घायल डॉग का इलाज कराने के लिए कहने पर अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों ने गाली-गलौज की। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। पुलिस ने शिकायत और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी ओर, डॉग को कार से कुचलने की घटना से नाराज कुछ लोगों ने शुक्रवार शाम भरत सोनी के घर पहुंचकर उनके साथ मारपीट की। इस घटना में भरत सोनी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इससे पहले स्थानीय लोगों की शिकायत पर विजय नगर थाना पुलिस ने भरत सोनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
15 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में 10 से 15 युवक कॉलोनी में पहुंचते और भरत सोनी को घर से बाहर निकालकर पीटते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान उनके नाबालिग बेटे ने पिता को बचाने की कोशिश की, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो विजय नगर पुलिस तक पहुंचा। इसके बाद पुलिस ने भरत सोनी की शिकायत पर मारपीट करने वालों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।
15 अक्टूबर की रात हुई घटना
जानकारी के मुताबिक, 15 अक्टूबर की रात 10 बजकर 13 मिनट पर कॉलोनी निवासी भरत सोनी का नाबालिग बेटा कार लेकर अपार्टमेंट के गेट से बाहर निकला। इस दौरान कार की चपेट में आने से स्ट्रीट डॉग गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने अपने स्तर पर डॉग का इलाज कराया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कार निकालते समय नाबालिग को गेट के पास स्ट्रीट डॉग बैठे होने की जानकारी दी गई थी। उसे सावधानी से कार निकालने के लिए भी कहा गया था। इसके बावजूद घटना हो गई।
इलाज कराने की बात पर गाली-गलौज का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के बाद भरत सोनी और उनके परिवार के लोगों ने माफी मांगने के बजाय कॉलोनी में रहने वालों को धमकाया और गाली-गलौज की। शिकायतकर्ताओं ने महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और छीना-झपटी के आरोप भी लगाए हैं।
शुक्रवार को डॉग लवर और स्थानीय लोगों ने विजय नगर थाने पहुंचकर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि घायल डॉग का इलाज कराने की बात पर संबंधित पक्ष ने विवाद किया।
शिकायत के साथ पुलिस को सौंपे फुटेज
विजय नगर थाना प्रभारी धीरज राज ने बताया कि कॉलोनी के लोगों ने भरत सोनी के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत के साथ कुछ सीसीटीवी फुटेज भी सौंपे गए हैं। फुटेज और शिकायत के आधार पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।