रायपुर, छत्तीसगढ़ के भिलाई में कपड़े की दुकान पर काम करने और जूस की दुकान चलाने वाला सौरभ चंद्राकर आज महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप केस का चर्चित चेहरा है। CBI आज उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश करने वाली है।
सौरभ पर हजारों करोड़ रुपए का कथित अवैध सट्टेबाजी नेटवर्क खड़ा करने, हवाला के जरिए रकम का लेन-देन करने और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं।
200 करोड़ रुपए की शादी, विदेशी नागरिकता, हजारों एजेंटों का नेटवर्क और राजनीतिक कनेक्शन... सौरभ की कहानी में ऐसे कई चर्चित किस्से हैं। इस इनसाइट स्टोरी में महादेव ऐप से जुड़े सौरभ के 10 किस्से पढ़िए।
1. कम उम्र में शुरु की नौकरी
सौरभ चंद्राकर भिलाई के एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखता है। उसके पिता भिलाई नगर निगम में ग्रेड-4 कर्मचारी थे। परिवार एक टूटे-फूटे मकान में रहता था। सौरभ ने 12वीं तक पढ़ाई की और 17 साल की उम्र में काम करना शुरू कर दिया।
2014-15 तक वह भिलाई के आकाश गंगा इलाके की कपड़ा दुकानों में काम करता था। उसे हर महीने 12 से 14 हजार रुपए मिलते थे।
इसी दौरान उसे क्रिकेट पर सट्टा लगाने की आदत पड़ी। यहीं उसकी मुलाकात रवि उप्पल से हुई। रवि उससे करीब 24 साल बड़ा था और पहले से सट्टेबाजी के कारोबार से जुड़ा था।
2018 में रवि ने सौरभ को अपने साथ जोड़ लिया। दोनों ने मिलकर सट्टेबाजी का नेटवर्क तैयार करना शुरू किया। इसी दौरान सौरभ ने भिलाई के नेहरू नगर में 'जूस फैक्ट्री' नाम से एक रेस्तरां भी खोला।
2021 में पुलिस को संगठित सट्टेबाजी के कारोबार के संकेत मिले। इसके बाद 30 मार्च 2022 को दुर्ग पुलिस ने छापेमारी की और इस रैकेट का खुलासा हुआ।
अक्टूबर 2022 में ED ने मामला दर्ज कर मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच शुरू की। जांच में क्रिकेट के अलावा दूसरे खेलों, पोकर, तीन पत्ती और चुनावों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने वाले बड़े नेटवर्क का पता चला।
2. 2019 में दुबई पहुंचकर बनाया नेटवर्क
2019 में सौरभ दुबई चला गया। वहां उसने अपने करीबी सहयोगी रवि उप्पल को भी बुलाया। दोनों ने मिलकर महादेव ऑनलाइन बुक नाम से बेटिंग नेटवर्क तैयार किया।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, दुबई से इस नेटवर्क का संचालन किया जाता था। क्रिकेट, फुटबॉल, टेनिस, बैडमिंटन, पोकर और दूसरे खेलों के साथ चुनावों पर भी सट्टा लगाया जाता था।
3. हजारों एजेंटों का नेटवर्क खड़ा किया
महादेव ऐप का नेटवर्क धीरे-धीरे कई राज्यों और विदेशों तक फैल गया। इसमें पैनल ऑपरेटर, एजेंट और सब-एजेंट शामिल थे।
जांच में छत्तीसगढ़ में बड़ी संख्या में बैंक खातों के जरिए लेन-देन किए जाने की बात सामने आई। एजेंटों के माध्यम से ग्राहकों को आईडी और पासवर्ड उपलब्ध कराए जाते थे।
4. दुबई में 200 करोड़ रुपए की शादी
फरवरी 2023 में सौरभ ने दुबई में शादी की। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस समारोह पर करीब 200 करोड़ रुपए खर्च किए गए। मेहमानों को लाने के लिए प्राइवेट जेट लगाए गए। लग्जरी होटल, भव्य सजावट और बड़े स्तर पर आयोजन किया गया।
शादी में कई बॉलीवुड कलाकारों और गायकों ने परफॉर्म किया। इनमें सनी लियोनी, नेहा कक्कड़, आतिफ असलम, राहत फतेह अली खान, टाइगर श्रॉफ और भाग्यश्री जैसे नाम शामिल बताए गए।