इंदौर, एमपी की राजनीति में इंदौर हमेशा से सत्ता और संगठन के लिहाज से अहम रहा है। प्रदेश की आर्थिक राजधानी होने के साथ यहां की राजनीतिक ताकत और स्थानीय नेताओं का प्रभाव भी काफी महत्वपूर्ण है।
यही वजह है कि इंदौर का प्रभारी मंत्री कौन होगा? इसे प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ राजनीतिक समीकरणों के संकेत के तौर पर भी देखा जाता है। 2 साल 3 महीने तक यह जिम्मेदारी संभालने के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर का प्रभार छोड़ दिया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने 25 नवंबर को एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप को इंदौर का नया प्रभारी मंत्री नियुक्त किया है। काश्यप के पास पहले से भोपाल और राजगढ़ जिले का प्रभार भी है।
इस बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में इसके संभावित कारणों और असर को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सीएम ने अपने पास रखा था प्रभार
यह फैसला इसलिए भी चर्चा में है, क्योंकि अगस्त 2024 में जब जिलों के प्रभारी मंत्रियों की सूची जारी हुई थी, तब मुख्यमंत्री ने इंदौर का प्रभार अपने पास रखा था। इसे इंदौर की राजनीतिक और प्रशासनिक अहमियत से जोड़कर देखा गया था।
अब भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों, प्रशासनिक जवाबदेही और स्थानीय राजनीतिक के बदलते समीकरण के बीच मुख्यमंत्री ने यह जिम्मेदारी दूसरे मंत्री को सौंप दी है। हालांकि, सरकार ने प्रभार बदलने की कोई आधिकारिक वजह नहीं बताई है। इसलिए इसे भागीरथपुरा कांड के दबाव से जोड़ना फिलहाल राजनीतिक अटकल ही है।
कैलाश विजयवर्गीय के साथ सियासी तालमेल की चर्चाएं भी रहीं
इंदौर की राजनीति में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के बीच राजनीतिक तालमेल को लेकर समय-समय पर चर्चाएं होती रही हैं।
विजयवर्गीय इंदौर की राजनीति के प्रभावशाली चेहरों में शामिल हैं। संगठन और सरकार में उनका लंबा अनुभव रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री के साथ उनके संबंधों से जुड़े घटनाक्रम भी राजनीतिक चर्चा का विषय बनते रहे।
जुलाई 2026 का पत्र: मुख्यमंत्री के नाम एक पत्र सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल बढ़ी थी। इसमें इंदौर के विकास कार्यों को लेकर असहयोग, उपेक्षा और विरोध की शिकायत का उल्लेख था। कांग्रेस ने इसे भाजपा की अंदरूनी खींचतान से जोड़ा था। हालांकि, विजयवर्गीय ने पत्र को अपना लिखा हुआ स्वीकार नहीं किया था।
सितंबर 2026 का कार्यक्रम: एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे को आयोजन का सूत्रधार बताए जाने पर विजयवर्गीय की मंच से की गई टिप्पणी चर्चा में रही।
अक्टूबर 2026 की सेमीकंडक्टर समिट: इस दौरान दोनों नेता करीब डेढ़ घंटे एक मंच पर साथ नजर आए। विजयवर्गीय ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की तारीफ भी की। इसके बाद दोनों के बीच कथित दूरियों को लेकर चर्चाओं का दौर फिर शुरू हुआ।
स्थानीय नेताओं और संगठन के बीच समन्वय की चुनौती
इंदौर भाजपा में कैलाश विजयवर्गीय के अलावा मेयर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक रमेश मेंदोला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा और अन्य वरिष्ठ नेताओं का अपना राजनीतिक प्रभाव है।
संगठन में गौरव रणदिवे जैसे नेताओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। मुख्यमंत्री के पास इंदौर का प्रभार रहने के दौरान प्रशासनिक फैसलों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय को लेकर कई बार चर्चा हुई। अब चैतन्य काश्यप के सामने इन नेताओं और जिला प्रशासन के बीच तालमेल बनाने की चुनौती होगी।
भागीरथपुरा कांड के बाद जवाबदेही पर उठे सवाल
मुख्यमंत्री के इंदौर का प्रभार छोड़ने का समय भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है। भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों के बाद नगर निगम और जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठे थे। विपक्ष ने प्रभारी मंत्री होने के नाते मुख्यमंत्री की जवाबदेही पर भी सवाल खड़े किए थे।